July 27, 2024

संवाददाता।

कानपुर। नगर में गर्मियों में हमेशा वातावरण में वायरस सक्रिय हो जाते हैं, इनसे बचने के लिए डॉक्टरों ने लोगों को सचेत रहने को कहा है। डॉक्टरों की माने तो कोई भी व्यक्ति वातावरण में फैले वायरस से बच नहीं सकता है, लेकिन हम अपनी शारीरिक क्षमता को मजबूत कर वायरस के असर को कम कर सकते है। हेल्थी सीजन जाते ही अस्पतालों में वायरल वाले मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ने लगी है। कानपुर मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. विशाल कुमार गुप्ता ने वायरस से लड़ने के तरीके बताए हैं। डॉ. विशाल गुप्ता ने बताया कि गर्मियों में सबसे पहले हमें कैलोरी की मात्रा को कम करना है, जैसा काम वैसा खान-पान। दुनिया में तीन तरह के लोग होते हैं। पहला ऑफिस में काम करने वाला, दूसरा मार्केट में घूम-घूम कर काम करने वाला और तीसरा शारीरिक मेहनत करने वाला, जिसमें रिक्शा चालक, लेबर आदि लोग आते है। ऑफिस में जॉब करने वाले मरीजों को 1800 से 2000 के बीच कैलोरी लेनी चाहिए। मार्केट में घूमने टहलने वालों को 2000 से 2400 के बीच कैलोरी और शारीरिक मेहनत करने वालों को 2400 से 3000 के बीच कैलोरी लेनी चाहिए। इसके अलावा अपने खाने में हाई प्रोटीन को शामिल करना चाहिए। डॉ. गुप्ता ने बताया कि यदि हम अपनी डाइट को सुधारेंगे तो शरीर हमेशा स्वस्थ रहेगा। इसके लिए सबसे पहला काम हमें करना है कि अपने खाने में हरी सब्जियों को शामिल करना होगा। रोटी की मात्रा को कम करना होगा। याद रखे कि भरपेट भोजन तो कभी नहीं करना है। हमेशा पेट को थोड़ा सा खाली जरूर रखे। इससे आपकी पाचन क्रिया मजबूत होगी। गर्मी में पसीने के माध्यम से शरीर का पानी निकलता रहता है। इस लिए इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करना चाहिए। इसके अलावा मट्‌ठा, शिकंजी, आम का पना, नीबू पानी, जूस, फल जैसे तरल पदार्थ जरूर ले, क्यों कि शरीर में पसीने के साथ-साथ नमक की मात्रा भी कम होती है तो उसे भी पूरा करना जरूरी होता है। अगर आप स्वस्थ रहना चाहते है तो खाने में सफेद चीजों से दूरी बनाकर रखें। जैसे की चीनी, सफेद नमक, मैदा, घी, मक्खन आदि। इन सब चीजों में कैलोरी बहुत अधिक होती है, जोकि आपके फैट को बढ़ाती है और साथ ही लीवर में भी इसका बुरा असर पड़ता है। डॉ. विशाल ने बताया कि जो व्यक्ति रोजाना 10,000 कदम चलता है उसके शरीर से 90 प्रतिशत बीमारियां दूर रहती है। इसलिए पूरे दिन में हमको कम से कम 10,000 कदम रोज चलना चाहिए। अगर आप एक बार में इतना नहीं चल सकते हैं तो दो से तीन बार में इसे पूरा करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *