• स्कूल के बाहर धरने पर बैठे विधायक।

संवाददाता
कानपुर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में एक प्राथमिक स्कूल को स्मार्ट स्कूल बनाए जाने के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर बुधवार को सपा और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। मौके पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता भी स्कूल परिसर मे पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
यह मामला परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण और स्मार्ट स्कूल परियोजना से जुड़ा है। बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी ने 14 मई को सांसद रमेश अवस्थी से शिलान्यास कार्यक्रम कराए जाने के बैनर पहले ही लगवा दिए थे। वहीं, सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने 15 मई को शिलान्यास कार्यक्रम के पोस्टर लगवा दिए।
बुधवार सुबह सपा विधायक अमिताभ बाजपेई स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां शिलापट्ट लगाने के लिए मजदूरों के साथ काम शुरू कराने लगे। इसी दौरान बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि पहले से सांसद के कार्यक्रम की तारीख तय है, शिलान्यास के बाद ही कोई दूसरा कार्यक्रम होना चाहिए।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते सपा और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ देर बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष समेत कई पार्षद भी मौके पर पहुंच गए।
विवाद बढ़ने पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई स्कूल के बाहर ही जमीन पर बैठकर धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलने पर ग्वालटोली थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और सपा विधायक के बीच बहस और नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने विधायक को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।






