September 4, 2026

• 50 हजार की आबादी परेशान, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण।

• मगरमच्छ के बच्चे निकलने से दहशत।

संवाददाता

कानपुर।  मकड़ीखेड़ा क्षेत्र में आधी-अधूरी नाला सफाई और दो साल से निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। लगातार बारिश के बाद अग्निहोत्रीनगर, आइसक्रीम वाली गली समेत आसपास के इलाकों के करीब एक हजार मकानों और 50 हजार की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, यहाँ तक कि कई घरों के अंदर तक पानी भर गया है। इसके अलावा, पिछले दो दिनों से जलभराव के बीच मगरमच्छ के बच्चे निकलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

​करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा मकड़ीखेड़ा नाला, जो बिठूर रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास से मैनावती मार्ग स्थित एनआरआई सिटी तक जाता है, कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और चोक पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नाला सफाई का काम अधूरा छोड़ दिया गया और निर्माण कार्य पिछले दो साल से लटका हुआ है।

​स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार सुबह मकड़ीखेड़ा, ख्यौरा और एनआरआई सिटी समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को निरंतर निगरानी रखने, पंपों का संचालन जारी रखने तथा अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल करने के कड़े निर्देश दिए। 

इस दौरान अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, मुख्य अभियंता मो. जैदी, जोन अभियंता आरके सिंह और जोनल स्वास्थ्य अधिकारी विजय शंकर शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।