• सीएमओ कार्यालय का किया घेराव।

संवाददाता
कानपुर। नगर के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स ने पिछले दो महीनों से लगातार हो रही वेतन कटौती के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। ‘एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर’ के बैनर तले सैकड़ों स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स शामिल हुए। सुबह से ही सीएमओ कार्यालय परिसर में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों ने धरना दिया और हाथों में अपनी मांगों से संबंधित तख्तियां और बैनर लेकर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों से बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके वेतन में कटौती की जा रही है, जिससे उनको आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स ने बताया कि वे ग्रामीण और शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। कोविड काल से लेकर अब तक सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उनकी अहम भूमिका रही है, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वेतन में कटौती के साथ ही अन्य सुविधाओं में भी अनदेखी की जा रही है।
ध ने मांग की कि तत्काल वेतन कटौती को बंद किया जाए और काटा गया वेतन वापस किया जाए। साथ ही नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और कार्य बहिष्कार तक किया जा सकता है।
इस दौरान सीएमओ कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मियों ने ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है।






