September 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एलुमिनाई एसोसिएशन की अभिनव पहल ‘शिक्षा आपके द्वार’ का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. उमेश पालीवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नीमा वूमेन फोरम की सचिव डॉ. वंदना पाठक मौजूद रहीं। संकायाध्यक्ष प्रो. अंशु यादव, निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या भी मंच पर रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि एलुमिनाई का दायित्व है कि जो ज्ञान विश्वविद्यालय से मिला है, उसे समाज को लौटाया जाए। यह प्रोजेक्ट शिक्षा के लोकतंत्रीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि शिक्षक दिवस पर इससे बेहतर गुरु दक्षिणा नहीं हो सकती। जब शिक्षा जब द्वार तक पहुंचेगी तभी वंचित वर्ग सशक्त होगा। यह पहल महिलाओं और किशोरियों के लिए नई उम्मीद बनेगी। उन्होंने इस मुहिम को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रोजेक्ट लीडर डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति, युवा और छात्र-छात्राओं तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है, जो किन्हीं कारणों से मुख्यधारा से वंचित रह जाते हैं। पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के सहयोग से उन्हें साक्षर ही नहीं, बल्कि जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों अपेक्षा और वरदान ने किया।
इस अवसर पर डॉ. अर्पणा कटियार, डॉ. वारशी सिंह, डॉ. चारू खान, मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *