
संवाददाता
कानपुर। भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप रही। गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह और सिर ढककर घरों से निकले। मौसम विभाग ने 26 से 30 जून तक मानसून के कानपुर पहुंचने की उम्मीद जताई है।
सीएसए के मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शाम को सूरज ढलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। गर्म हवाओं और उमस ने वातावरण को भारी बनाए रखा।
दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी। गर्म हवाओं ने लोगों को लू जैसा एहसास कराया।
रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो जून महीने का अब तक का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान है। बढ़ती उमस और गर्म रातों के कारण लोगों की रात की नींद भी प्रभावित हो रही है। घरों में कूलर और पंखे भी पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून केरल पहुंच चुका है। कानपुर में 26 से 30 जून तक मानसून आने की संभावना है। हालांकि, मानसून की बारिश सामान्य से कम रहने की आशंका जताई गई है।






