June 8, 2026

बुर्के में आई लड़की के साथ रुका था।


संवाददाता
कानपुर। नगर के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के इकलौते इंजीनियर बेटे का शव होटल में फंदे से लटका मिला। स्टाफ की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे से सिगरेट के फिल्टर और शराब की बोतल मिली। साथ ही सामने आया कि मृतक बुर्का पहने किसी लड़की के साथ होटल में आया था, लेकिन बाद में वह चली गई थी।
पुलिस अब लड़की के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से उसकी तलाश कर रही है। उससे पूछताछ करके पूरे मामले की सच्चाई का पता लग सकेगा। वहीं, कांग्रेस नेता के घरवालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। यह घटना साकेत नगर स्थित अमन पैराडाइज होटल की है।
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के तलाक महल इलाके में रहने वाले हाजी मोहम्मद फजल खान कांग्रेस नेता हैं। वह करीब 20 साल से पार्टी से जुड़े हैं, लेकिन कभी पद नहीं लिया। सीसामऊ विधानसभा सीट से राजनीति करते हैं। उनकी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के नजदीकी रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार संपर्क में रहे है ।
उनके परिवार में पत्नी शाहदाब, शादीशुदा बेटी अंबर और बेटे गयाश खान थे। गयाश की अभी शादी नहीं हुई थी । वह पुणे से बीटेक करने के बाद दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में लाखों के पैकेज पर नौकरी कर रहे थे। लेकिन, पिछले 6 महीने से वह वर्क फ्रॉम होम के चलते घर पर ही थे।
गयाश दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। उन्होंने घरवालों से कहा कि रात में घर नहीं आएंगे। इसके बाद घरवाले भी निश्चिंत हो गए थे। लेकिन बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घरवाले होटल मैनेजमेंट की सूचना पर पहुंचे और शव की पहचान की।
होटल अमन पैराडाइज के मैनेजर सौरभ कुमार ने बताया- गयाश एक लड़की के साथ होटल पहुंचे थे। रात करीब 7.30 बजे लड़की को छोड़ने के लिए होटल से निकले थे। कुछ देर बाद वापस आकर अपने कमरे में चले गए।
उन्होंने ऑनलाइन डिनर भी मंगाया था। सुबह 11.30 बजे उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में मास्टर-की से कमरा खुलवाया, तो गयाश का शव चादर के सहारे पंखे से लटका मिला।
किदवई नगर थाने की पुलिस और फोरेसिंक टीम को जांच के दौरान कमरे से शराब की बोतल और सिगरेट के फिल्टर मिले हैं। घरवालों ने बताया कि जिस कंपनी की सिगरेट के फिल्टर मिले हैं, वह उसकी सिगरेट नहीं पीता था।
इतना ही नहीं, ये भी आरोप लगाया गया कि शव चादर के सहारे पंखे से बेड के ऊपर लटक रहा था। शव के दोनों पैर मुड़े थे। इस तरह से सुसाइड करना संभव नहीं है। घरवालों ने हत्या का आरोप लगाकर मामले की जांच करने की मांग की है। घरवालों का कहना है कि जिस लड़की के साथ गयाश होटल पहुंचा था, उसे भी बुलाकर पूछताछ की जानी चाहिए।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि
जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। फिर भी परिजनों के आरोप के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बाकी होटल में आने वालों की एंट्री, सीसीटीवी फुटेज से जांच की जा रही है। गयाश के साथ होटल पहुंची लड़की से भी पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News