July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में विकास कार्यों में लापरवाही के चलते समय से काम पूरे नहीं हो पा रहे हैं। इसको देखते हुए नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। पहले उन्होंने झकरकटी स्थित तालाब के ब्यूटीफिकेशन कार्य का जायजा लिया। इसके बाद जाजमऊ नई चुंगी में रोड निर्माण देखा। दोनों ही जगहों पर लापरवाही सामने आई। इस पर अधिशाषी अभियंता प्रोजेक्ट समेत 3 अभियंताओं को नोटिस थमाया गया। नगर आयुक्त ने सबसे पहले झकरकटी स्थित तालाब ब्यूटीफिकेशन कार्य का निरीक्षण किया। साढ़े 4 करोड़ रुपए से तालाब का ब्यूटीफिकेशन किया जाना है। यहां विकास कार्य की स्थिति बेहद धीमी पाई गई। नगर आयुक्त कार्य कर रही संस्था श्रीराम इन्फ्रास्ट्राक्चर को ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी। वहीं अधिशाषी अभियंता आरके सिंह और सहायक अभियंता दिवाकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जाजमऊ नई चुंगी से पुरानी चुंगी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण के कार्य का निरीक्षण नगर आयुक्त ने किया। जोनल अभियन्ता भास्कर ने बताया कि नई चुंगी से पुरानी चुंगी तक नाला का निर्माण कार्य पूरा पाया गया। सड़क निर्माण का कार्य केडीए द्वारा बनाए जा रहे डिवाइर बनाए जाने के बाद कराया जाएगा। कार्य की प्रगति से नगर आयुक्त संतुष्ट नहीं हुए।नई चुंगी से पुरानी चुंगी तक दाईं पट्टी पर अतिक्रमण का कार्य भी अधूरा मिला। नगर आयुक्त ने मे. जगदम्बा को कार्य में धीमी प्रगति पर अन्तिम चेतावनी देते हुए नोटिस थमाया गया। जोनल अभियन्ता को कार्य में लापरवाही पर नोटिस थमाया गया। सीसामऊ नाले के निरीक्षण के दौरान नाला सफाई कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया। मौके पर मशीनें खड़ी मिली, लेकिन सफाई कार्य बंद पाया गया। जगह-जगह नाले की सिल्ट भी सूखी पड़ी मिली, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा था। इससे नाराज नगर आयुक्त ने जोन-4 जोनल अभियन्ता आरके तिवारी को अन्तिम चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *