
संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के ताड़बगिया में चोरों ने एचएसएल में तैनात टेक्स डेटा इंजीनियर ओमान खान के घर को निशाना बनाया। परिवार शादी की खरीदारी के लिए गया था और इसी दौरान चोर छत की जाली हटाकर घर में घुस गए। अलमारी से करीब 16 लाख रुपये की ज्वेलरी और 40 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए।
ओमान खान की पोस्टिंग नागपुर में है। उन्होंने बताया कि दोपहर 1 बजे वह बड़े भाई खुशहाल खान और मां सूफिया खान के साथ शादी की खरीदारी के लिए घर से निकले थे। रात करीब 8 बजे जब तीनों वापस लौटे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खोली तो उसमें रखे दो सोने के सेट, चार सोने की चूड़ियां, छह सोने की अंगूठियां और नकदी गायब थी।
परिवार के सदस्यों ने पुलिस के साथ छत की जांच की तो वहां लगी जाली हटी मिली। आशंका है कि चोर पड़ोसी की छत से होते हुए घर की छत पर पहुंचे और जाली हटाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अंदर से बंद गेट का ताला तोड़कर कमरों तक पहुंचे और अलमारी खंगालकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लेकिन चोर घर में रखे महंगे मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान छोड़ गए।
पुलिस ने घर के कमरों की जांच के बाद छत पर भी साक्ष्य जुटाए। छत पर एक संदिग्ध चप्पल मिली। इसके अलावा मौरंग में कई जगह पैरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस इन सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पड़ोसी की छत की तरफ से चोरों के आने की आशंका के चलते आसपास रहने वाले लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल से मिले सुरागों के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।






