
संवाददाता
कानपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 32वीं वाहिनी आईटीबीपी के बैंड की प्रस्तुतियों ने शहर का माहौल देशभक्ति से भर दिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत फूलबाग से हुई, जहां बैंड की धुनों पर शहरवासी झूम उठे।
32वीं वाहिनी के सेनानी गौरव प्रसाद के निर्देशन में शुरू हुए कार्यक्रम में आईटीबीपी जवानों ने देशभक्ति गीत और धुनें प्रस्तुत कीं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में परिवार, युवा और बच्चे जुटे और तालियों से जवानों का हौसला बढ़ाया।
इस कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वाधीनता सप्ताह के तहत आईटीबीपी की कानपुर बटालियन ने बेहद खूबसूरत प्रस्तुति दी। यह आयोजन सिविल और मिलिट्री की मजबूत लाइजिनिंग का परिचायक है। कानपुर की धरती वीरों की धरती रही है और इसी ऐतिहासिक क्रम में फूलबाग में यह शानदार कार्यक्रम हुआ।
आईटीबीपी के अनुसार आगे के कार्यक्रम इस प्रकार होंगे:-
11 अगस्त को गंगा बैराज पर शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक देशभक्ति की धुनें बजेंगी।
12 अगस्त को जेड स्क्वायर मॉल में शाम 6:30 बजे से रात 9:00 बजे तक बैंड प्रस्तुति होगी।
13 अगस्त को जेके टेंपल में शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक सुरों की महफिल सजेगी।
14 अगस्त को कारगिल पार्क में शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक सांगीतिक प्रस्तुति और भव्य बैंड प्रदर्शनी
का आयोजन होगा।
आईटीबीपी की 32वीं वाहिनी ने कानपुर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में शामिल होकर आजादी के इस बड़े उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज कराएं।






