September 5, 2026

विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित।

संवाददाता
कानपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. शंकर प्रसाद रथ को शिक्षण, शोध और संस्थान के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें शुक्रवार 5 सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किया। इस वर्ष देशभर से कुल 21 शिक्षकों को यह सम्मान दिया गया है।
प्रो. रथ वर्ष 2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हैं और 2014 से पूर्ण प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनका शोध प्रोटीन में मौजूद लौह युक्त केंद्रों पर केंद्रित है, जो जीवित कोशिकाओं को ऑक्सीजन उपयोग, ऊर्जा निर्माण और जीवन के लिए आवश्यक रासायनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में मदद करते हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में 165 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 27 पीएचडी, 40 मास्टर और 25 पोस्ट-डॉक्टोरल शोधार्थियों ने शोध पूरा किया है।
शिक्षण के क्षेत्र में प्रो. रथ ने स्नातक छात्रों के लिए “इनऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स, मैटेरियल्स एंड मेडिसिन” नामक वैकल्पिक पाठ्यक्रम तैयार किया है, जिसके माध्यम से वे रसायन विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाते हैं। इसके अलावा उन्होंने वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए प्रिपरेटरी कोर्स में भी पढ़ाया है।
पुरस्कार मिलने पर प्रो. रथ ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बहुत बड़ा गौरव है। मैं इसे अपने शिक्षकों, सहकर्मियों, आईआईटी कानपुर और अपने सभी विद्यार्थियों के साथ साझा करता हूं, जिनकी जिज्ञासा ने मुझे हमेशा बेहतर शिक्षक बनने के लिए प्रेरित किया है। यह सम्मान मुझे और अधिक जिम्मेदारी का एहसास कराता है।”
प्रो. रथ को इससे पहले अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट रिसर्च फेलोशिप (जर्मनी), जेएसपीएस फेलोशिप (जापान), सीआरएसआई के ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल, सीएनआर राव राष्ट्रीय रसायन विज्ञान पुरस्कार और एसईआरबी-स्टार पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वे इंडियन नेशनल साइंस अकादमी, इंडियन एकेडमी ऑफ साइंसेज और नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज के फेलो भी हैं और वर्तमान में उन्हें जेसी बोस राष्ट्रीय फेलोशिप प्राप्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *