• विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर हुए निर्णय।

संवाददाता
कानपुर। भारत सेवक समाज की केंद्रीय प्रशासनिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चेयरमैन परमपूज्य स्वामी केशवानंद जी ने की।
बैठक की शुरुआत में राष्ट्रीय महासचिव इंद्रदेव तिवारी ने स्वामी केशवानंद जी का अंगवस्त्र और मां विंध्यवासिनी का चित्र भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद बरेली और नई दिल्ली में हुई पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि की गई।
बैठक में संगठन के सुचारू संचालन और राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को लेकर लंबा मंथन हुआ। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय के कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इसी कड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में 10 सदस्यीय नई समिति के गठन का प्रस्ताव महासचिव ने रखा, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया।
नई समिति में दिल्ली से नेतराम नारायण, विपिन कुमार गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, राजीव कुमार पाल, गुप्तेश्वर उपाध्याय, कानपुर से शरद प्रकाश अग्रवाल, बरेली से सुबोध जौहरी, मिर्जापुर से इंद्रदेव तिवारी व नरेंद्र गुप्ता और लखनऊ से अनीस अंसारी को शामिल किया गया है। यह समिति दिल्ली कार्यालय के कार्यों में समन्वय और संगठन को मजबूती देने का काम करेगी।
प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए दिल्ली में अलग कार्यालय स्थापित करने और संस्था के नाम से बैंक खाता खोलने का प्रस्ताव भी बैठक में पारित हुआ।
संगठन की पहुंच आम लोगों तक बढ़ाने के लिए तीन सहयोगी संगठनों के गठन पर भी सहमति बनी। इनमें भारत युवक समाज, नारी शक्ति संगठन और संयुक्त सदाचार समिति शामिल हैं। इनके जरिए युवा भागीदारी, महिला सशक्तिकरण और नैतिक मूल्यों के प्रचार पर काम किया जाएगा।
बैठक के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी केशवानंद जी ने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने बिहार, गुजरात और यूपी के नए सदस्यों की सूची और शुल्क जमा करने की जिम्मेदारी नरेंद्र गुप्ता को सौंपी।
इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष नेतराम नारायण, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रदेव तिवारी, यूपी महासचिव शरद प्रकाश अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव राधेश्याम शर्मा ने भी विचार रखे। अंत में नरेंद्र गुप्ता ने सभी का आभार जताया। बैठक में संयुक्त सचिव चक्रपाणि, कोषाध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता, प्रभाकर सिंह, अभय पांडे, ओम प्रकाश सिंह, हृदय साहू, आशुतोष दुबे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।






