May 23, 2026

संवाददाता
कानपुर।  साढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कार सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
साढ़ थाना क्षेत्र के चिरली गांव निवासी स्व. अशर्फी दिवाकर के तीन पुत्रों में रमेश दिवाकर कानपुर में रहकर ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि उसके भाई गांव में मजदूरी करते हैं।
परिजन के अनुसार परिवार के एक रिश्तेदार की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर रमेश अपने साथी कमल विश्वकर्मा निवासी रायपुरवा, कानपुर के साथ चार पहिया वाहन से गांव आया था और रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ।
अंतिम संस्कार के बाद दोनों किसी काम से साढ़ चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी महानीपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे कई बार पलटते हुए करीब 25 मीटर दूर जाकर जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रमेश दिवाकर की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल विश्वकर्मा का इलाज जारी है। मृतक रमेश का विवाह नहीं हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
प्राथमिक जांच में कार की तेज रफ्तार हादसे का कारण मानी जा रही है। महानीपुर मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News