May 23, 2026

आरोपी  ट्रैवल एजेंसी संचालक और महिला फरार।




संवाददाता
कानपुर। रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लोगों से 11.90 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बर्रा पुलिस ने पुलिस कमिश्नर के आदेश पर ट्रैवल एजेंसी संचालक और उसकी सहयोगी महिला समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सीतापुर, बिस्वा के राजा डी करीम गांव निवासी मशहूर सिलाई कारीगर हैं, वह पहले भी रूस जा चुके हैं। दोबारा जाने के लिए उन्होंने गाजियाबाद के सेक्टर-10 निवासी ट्रैवस एजेंसी संचालक विराज सिंह से संपर्क किया। विराज का आफिस बर्रा के मालवीय विहार में अलक्सा कंसल्टेंसी लिमिटेड, अमर एम्प्लायमेंट एजेंसी नाम से संचालित है।
एजेंट ने 10 लोगों को रूस भेजने के लिए प्रति व्यक्ति 1.40 लाख रुपये खर्च बताया। पांच फरवरी 2026 को पीड़ितों ने एजेंट को 3.50 लाख रुपए नकद समेत पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज सौंप दिए। बाद में विभिन्न खातों में आनलाइन 3.45 लाख रुपये और दिए। इसके बाद एजेंट ने आरोही नाम की महिला के जरिए एक अप्रैल को इंदिरापुरम हाईवे पर कार में बैठाकर 3.94 लाख रुपए और ले लिए।
आरोप है कि आरोपियों ने वाट्सएप पर वीजा भेजकर जल्द टिकट कराने का भरोसा दिया, लेकिन तय समय के  बाद भी उन्हें रूस नहीं भेजा। इसके बाद ट्रैवस एजेंसी के कार्यालय पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने गाली–गलौज करके भगा दिया, जिसके बाद आरोपियों के फोन बंद हैं और आफिस में भी ताला पड़ा है।
बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर ट्रैवल एजेंसी संचालक विराज सिंह और उसकी सहयोगी आरोही समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News