June 7, 2026

संवाददाता 

कानपुर। रील बनाने के जुनून ने एक युवक की जान ले ली, जबकि उसके चार दोस्त घायल हो गए। दरअसल एक एक्सयूवी में सवार पांच दोस्त रील शूट कर रहे थे। स्टंट के दौरान मोड़ पर अचानक कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में पलट गई।
इस हादसे के समय सनरूफ पर बैठा युवक कार के नीचे दब गया, जबकि उसके चार साथी वाहन के अंदर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी युवकों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों का इलाज जारी है।
यह हादसा सचेंडी थाना क्षेत्र के बछाऊपुर मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान झकरा संभरपुर गांव निवासी 18 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है।
मृतक सौरभ के पिता बलराम कुशवाहा आईआईटी कानपुर में वाटर सप्लाई का काम करते हैं। सौरभ अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घर में उसकी मां प्रेमवती है। बड़ी बहन पारुल की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई रवि हैं। सौरभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
पिता बलराम कुशवाहा के अनुसार सौरभ महराजपुर में नेवी की परीक्षा देने गया था। शाम करीब 6:30 बजे वह घर लौटा था।
सौरभ के मामा के लड़के अंकित ने बताया कि रात करीब 8 बजे गांव के उसके चार दोस्त दूसरे दोस्त का बर्थडे बता कर उसे ले गए थे। जिसके बाद सौरभ उनके साथ कार में चला गया। कार शिवा चला रहा था। कार उसके बहनोई विशाल के पिता की थी।

परिजनों के मुताबिक, चारों दोस्त कार के अंदर बैठे थे, जबकि सौरभ सनरूफ पर बैठकर वीडियो बना रहा था। युवक सड़क पर स्टंट करते हुए रील शूट कर रहे थे। इसी दौरान रैकेपुर-बछुआपुर मार्ग पर एक मोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
कार पलटते ही सौरभ नीचे गिर गया और वाहन उसके ऊपर आ गया। वहीं, कार में सवार चारों युवक अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। उन्होंने कार को सीधा किया तो सौरभ उसके नीचे दबा मिला। उसकी हालत गंभीर थी।
ग्रामीणों ने चारों युवकों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके चारों घायल दोस्तों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया था । एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है जबकि अन्य मामूली रूप से घायल है। घायलों का कहना है कि मोड़ में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई थी। रील बनाने जैसी बात गलत है।