June 7, 2026

संवाददाता 

कानपुर। एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। ट्रक के रौंदे जाने के बाद खून से लथपथ पति-पत्नी सड़क पर करीब 5 मिनट तक तड़पते रहे। सड़क पर कई मीटर दूर तक खून फैल गया। एंबुलेंस के आने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। उधर, गुस्साए लोगों ने भाग रहे ट्रक ड्राइवर को पकड़कर पिटाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
यह दुर्घटना जाजमऊ की है। मृतकों की पहचान नगर निगम के रिटायर्ड सफाई सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत शर्मा और उनकी पत्नी आशा शर्मा के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी से सिद्धनाथ मंदिर पूजा करने जा रहे थे।
रिटायर नगर निगम कर्मचारी लक्ष्मीकांत शर्मा कानपुर के सीतारामनगर अहिरवां में पत्नी आशा शर्मा और दो बेटों अमन उर्फ रिंकू शर्मा और हर्ष शर्मा के साथ रहते थे। शनिवार को वह पत्नी के साथ अपनी स्कूटी से सिद्धनाथ मंदिर जा रहे थे।

बेटे अमन ने बताया कि मां और पिताजी सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10.20 बजे जाजमऊ के सोलंकी धर्मकांटा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।
ट्रक के नीचे आने से दोनों बुरी तरह घायल हो गए। सड़क पर खून पसर गया। दोनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। लोग उनकी मदद करते इसके पहले दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को लोगों ने दौड़ा लिया। लोगों ने ट्रक को ताड़बगिया स्थित तीन खंबे के पास रोक लिया। ड्राइवर को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया गया।
कैंट एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे है, जिससे एक्सीडेंट होने का कारण सामने आ सकेगा। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।