June 4, 2026

जून में पड़ने वाली गर्मी को देखते हुए यूपीसीए का फैसला



संवाददाता
लखनऊ। जून की भीषण गर्मी में होने वाले भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबले के दौरान दर्शकों को राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने विशेष इंतजाम किए हैं। 17 जून को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच के लिए स्टेडियम परिसर में दर्शकों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि तेज गर्मी के बीच उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में  यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा। भारतीय टीम धर्मशाला में पहला वनडे खेलने के बाद 15 जून की शाम तक लखनऊ पहुंच जाएगी, जबकि अफगानिस्तान की टीम के भी उसी दिन शहर पहुंचने की संभावना है। दोनों टीमें 16 जून को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।


प्रेस वार्ता में यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए दर्शकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत स्टेडियम में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

टिकट व्यवस्था की जानकारी देते हुए यूपीसीए ने बताया कि मुकाबले के लिए टिकटों की शुरुआती कीमत 599 रुपये रखी गई है, जबकि प्रीमियम श्रेणी के टिकट 25 हजार रुपये तक उपलब्ध होंगे। मांग और उपलब्धता के आधार पर टिकट दरों में बदलाव संभव है।
यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने कहा कि एसोसिएशन एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की सफल मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा और इकाना स्टेडियम भविष्य में भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News