June 1, 2026

फोन पर हुई थी कहासुनी।


संवाददाता
कानपुर।  कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके चले जाने से परेशान एक युवक ने देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच करके  शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी रामसिंह डिफेंस से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके परिवार में बेटा जीतू, बहू उर्वशी उर्फ निशा तथा दो बच्चे पारस और हैप्पी  हैं।
पिता राम सिंह ने बताया कि जीतू कल दोपहर मे वैष्णो देवी के दर्शन करके वापस घर आया था। जीतू का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण करीब चार माह पहले उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी और तभी से वापस नहीं लौटी थी।
पिता के मुताबिक जीतू पत्नी को वापस घर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। वह अक्सर फोन करके उसे मनाने की कोशिश करता था। कल भी उसने पत्नी निशा को फोन करके घर लौटने के लिए कहा। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि फोन पर हुए विवाद के बाद जीतू काफी परेशान और तनाव में था।
रविवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तो जीतू के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर परिजनो ने खिड़की से अंदर झांका तो जीतू का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी गई। कल्याणपुर पुलिस व फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
कल्याणपुर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी रईस अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि मृतक का अक्सर अपनी पत्नी से विवाद होता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News