
संवाददाता
कानपुर। देश के क्रिकेट मानचित्र में किंग कोहली के नाम से अपना स्थान तय करने वाले विराट ने भले ही अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो, लेकिन आईपीएल के मैदान पर उनका बल्ला आज भी आग उगल रहा है।
यही कारण है कि 7 मई को लखनऊ के घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में कोहली का शो देखने के लिए आयोजक पूरी तैयारी में जुट चुके हैं। ये बात अलग है कि इस मैच को देखने के लिए टिकटों की बढ़ती मांग के चलते उसपर डायनॉमिक चार्ज लेने का निर्णय ले लिया है।मैच आयोजकों को पूरी उम्मीद है कि इस सीजन में पहली बार इकाना स्टेडियम में ‘हाउसफुल’ का बोर्ड नजर आ सकता है।मैच की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुक माय शो की वेबसाइट पर टिकटों के दाम आसमान छूते दिखाई दे रहे हैं। जहां आम स्टैंड्स के लिए मारामारी है, वहीं लग्जरी लाउंज की कीमतें भी चौंकाने वाली हो चुकी हैं। 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इकाना स्टेडियम के लिए यह मैच साख का सवाल भी है। दरअसल, इस सीजन में अब तक यहां एक भी मैच हाउसफुल नहीं हुआ है।
केकेआर के खिलाफ पिछले मुकाबले में तो आधे से भी कम स्टैंड भरे थे। लेकिन ‘विराट फैक्टर’ ने समीकरण बदल दिए हैं। विराट कोहली का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। 7 मई को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले मैच की टिकट दरें जारी कर दी गई हैं। विराट कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए इस बार टिकट के दाम आसमान छू रहे हैं। सबसे सस्ता टिकट 2000 रुपये का है, जबकि सबसे महंगा टिकट 50 हजार रुपये तक पहुंच गया है। बता दें कि लखनऊ सुपर जाएंट्स अपने घरेलू मैदान पर लगातार आठ मैच हार चुकी है।
आयोजकों का मानना है कि कोहली की एक झलक पाने के लिए लखनऊ की जनता 50 हजार रुपये तक खर्च करने से पीछे नहीं हटेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 7 मई को इकाना की पिच पर नवाबों की टीम ‘सुपरजायंट्स’ हावी होती है या फिर ‘किंग’ कोहली का जलवा बरकरार रहता है। फिलहाल, टिकटों की बिक्री की रफ्तार बता रही है कि इस बार इकाना का सन्नाटा टूटने वाला है।
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला के मुताबिक किंग कोहली का जलवा आज भी कायम है । चूंकि ये टिकट की दरें संघ ने पहले ही डायनॉमिक फेयर के लिए घोषित कर दी थी,अब मांग अधिक होने पर टिकट के रेट बढ़ गए हैं । इस बारे में ज्यादा कुछ कहा भी नहीं जा सकता है ।ये हो सकती हैं।
पहले टिकटों की दरे 400 रुपए से 2000 रुपए तक थीं, जबकि आरसीबी और एलएसजी के बीच खेले जाने वाले मुकाबले की टिकट दरें निम्न है :-
जनरल स्टैंड: 2000-3500 रुपये
नॉर्थ गैलरी: 4000 रुपये
साउथ वीआईपी टैरेस: 6000 रुपये
नॉर्थ प्लेटिनम लॉन: 15000 रुपये
साउथ डायरेक्टर लॉन: 20000 रुपये
नॉर्थ प्लेटिनम लाउंज: 25000 रुपये
नॉर्थ कॉर्पोरेट बॉक्स: 25000 रुपये
साउथ कॉर्पोरेट बॉक्स: 30000 रुपये
सुपरजायंट्स लाउंज: 50000 रुपये






