June 8, 2026

• बिजली बिल से 10% फ्यूल सरचार्ज हमेशा के लिए खत्म करने की मांग।


संवाददाता
कानपुर।  समाजवादी युवजन सभा ने बिजली कटौती और बिजली बिलों में लगाए जा रहे फ्यूल सरचार्ज के विरोध में मोबाइल टॉर्च जलाकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने परेड चौराहे से बिजलीघर तक पैदल मार्च निकालते हुए सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की तथा फ्यूल सरचार्ज को स्थायी रूप से समाप्त करने की मांग उठाई।
युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परेड चौराहे पर एकत्र हुए। यहां सभी ने अपने मोबाइल फोन की लाइट जलाकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन शुरू किया। हाथों में पोस्टर लिए कार्यकर्ता पीपीएन मार्केट होते हुए बिजलीघर तक पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान “बिजली कटौती बंद करो” और “फ्यूल सरचार्ज समाप्त करो” जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान है और ऐसे समय में अतिरिक्त शुल्क लगाना उपभोक्ताओं पर दोहरी मार है।
सपा जिलाध्यक्ष फजल महमूद ने बताया कि उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि बिजली बिलों पर प्रस्तावित 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज पर जून माह के लिए लगाई गई रोक को स्थायी रूप से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में जनता पहले से आर्थिक दबाव झेल रही है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ डालना उचित नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि फ्यूल सरचार्ज को स्थायी रूप से समाप्त नहीं किया गया और बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव उर्फ मिंटू, एहसान उर्फ बॉबी, रामानन्द यादव, अभिजीत गुप्ता,विनोद यादव,गौतम निगम,अनुराग पांडेय,भानु प्रताप सिंह,संदीप पांडेय,संजय यादव,उदय द्विवेदी,अमित मिश्रा,अनूप यादव,हिमांशु तिवारी,शनि सागर,बलराम समुद्रे,सत्यम पाण्डेय,पवन यादव,अजय प्रजापति,शिवम खन्ना,सोनू वर्मा,हरिकेश यादव,अरविंद शुक्ला,विशाल यादव,जय कुमार,दिव्याश शर्मा,कुणाल,विशाल ठाकुर,राहुल यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News