
संवाददाता
कानपुर। केडीए के प्रवर्तन दल (जोन-1बी) के विशेष कार्याधिकारी- उपजिलाधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में बिठूर क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सम्पन्न की गयी।
प्रवर्तन दल ने प्रपुंज अग्रवाल व अन्य की ग्राम- गाजीपुर, बिठूर, कानपुर में लगभग 15 एकड़ क्षेत्रफल की भूमि पर गिन्नी विहार के नाम से विकसित की जा रही कालोनी के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करी।
इसके अतिरिक्त नीलम अग्रवाल पत्नी ब्रज किशोर अग्रवाल व अन्य की आराजी संख्या-696/2, 698/2 बगदौंधी बांगर, कानपुर नगर में लगभग 10000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की जा रही प्लाटिंग के विरूद्ध नोटिस जारी करने की कार्यवाही की गयी।
इस अवैध, अनाधिकृत रूप से विकसित की गयी प्लाटिंग को चिन्हित करके नोटिस दिया गया है, जिसका समुचित प्रतिउत्तर निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त नहीँ होने पर नियमानुसार सीलिंग, ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी।
डा. रवि प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी,उपजिलाधिकारी ने जनमानस से यह अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित प्लाटिंग में भूमि क्रय किये जाने से पूर्व कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी स्वयं प्राप्त करने के उपरान्त भूमि क्रय करना सुनिश्चित करें साथ प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में सम्भावित क्षति से बचा जा सकें।
इसी प्रकार भविष्य में सतत अभियान चलाकर निरोधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।
उपरोक्त ध्वस्तीकरण कार्यवाही के दौरान अवर अभियन्ता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह आदि कर्मचारी संबंधित थाने के पुलिस बल के साथ में उपस्थित रहे।






