
संवाददाता
कानपुर। नगर इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है।
शहर में लगातार चल रही गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ है। तापमान में मामूली 0.5 डिग्री की गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन लोगों को इससे कोई राहत महसूस नहीं हुई। सीएसए के वेदर स्टेशन के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है। कानपुर प्राणी उद्यान में जानवरों को भी गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। चिड़ियाघर में बाघ को पानी से नहलाया जा रहा है ताकि उसे तपिश से राहत मिल सके। जानवरों के बाड़ों में कूलिंग की व्यवस्था और अतिरिक्त पानी की व्यवस्था भी की गई है।
सुबह से लेकर देर शाम तक आसमान से आग बरस रही है और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह आठ बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में शहर मानो तंदूर में तब्दील हो जा रहा है। आमजन के साथ-साथ बेजुबान जानवर भी गर्मी से बेहाल हैं।
भीषण गर्मी का असर शहर के जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकले। धूप और लू से बचने के लिए लोग चेहरे को गमछे और कपड़ों से ढककर निकलते दिखे। ठंडे पेय पदार्थों और छांव वाले स्थानों पर लोगों की भीड़ रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आने वाले 24 घंटे में भीषण लू चलेगी। उत्तर पश्चिमी हवाएं तापमान को बढ़ाएंगी। तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रह सकते हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।





