June 8, 2026

11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

संवाददाता
कानपुर। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बारादेवी मंदिर के पास अनोखा प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को माला पहनाकर और श्रद्धांजलि अर्पित करके  केंद्र सरकार की महंगाई व मूल्यवृद्धि की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की, जबकि यह आयोजन पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम नवल कुशवाहा के संयोजन में हुआ।
इस दौरान एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी भी मौजूद रहे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि रसोई गैस कभी आम परिवारों की जरूरत और सुविधा का प्रमुख साधन थी, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अब यह आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से गृहणियों, मध्यम वर्ग तथा गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम नवल कुशवाहा ने केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करने और आम जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मूल्यवृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र में क्षेत्र की टूटी सड़कों की मरम्मत, बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, डिवाइडर निर्माण, अस्पताल निर्माण, तालाबों के सुंदरीकरण समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई।
इस कार्यक्रम में पवन गुप्ता, राम नवल कुशवाहा, विकास अवस्थी, मोहित सविता, रुक्मा देवी, कमलाकांत तिवारी, हरिराम कटियार, शीलू श्रीवास्तव, जितेंद्र गिरी, आशुतोष सिंह, प्रताप साहनी, गणेश सविता, कुमुद साहनी, अमित गुप्ता, रामू प्रजापति, मोहित दीक्षित, राजेश प्रजापति, ध्रुव गौड़, गोविंद पासवान, वीरू चौरसिया, मंगलू राजपूत, संदीप गौतम, राजेश साहनी और विजय बहादुर पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News