• क्षेत्र में लाइटिंग की व्यवस्था न होने पर फूटा गुस्सा।

संवाददाता
कानपुर। नगर के दक्षिण क्षेत्र के नगर निगम जोन पांच के जोनल कार्यालय में मंगलवार को पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में लाइटों की व्यवस्था न होने व अधिकारियों के समस्या न सुनने के विरोध में पार्षद जोनल आफिस के मार्ग प्रकाश विभाग में जेई आशुतोष की मेज पर जाकर बैठ गए।
वार्ड 51 बर्रा से बीजेपी के पार्षद सुधीर यादव ने मेज पर बैठकर माइक से मार्ग प्रकाश विभाग मुर्दाबाद, नगर आयुक्त होश में आओ के नारे लगाए। जोन के सात से आठ पार्षद भी काफी देर तक चले धरने पर बैठे रहे। इसके बाद जोनल अधिकारी के आश्वासन के बाद पार्षदों ने धरना खत्म किया।
सुधीर यादव ने कहा कि मैं सत्ता पक्ष का पार्षद हूं। विधायकी के चुनाव में क्या मुंह लेकर जनता से वोट मांगने आउंगा। अधिकारी मेरा फोन नहीं उठाते। मेरे क्षेत्र की जनता अंधेरे में है। मुझे जोनल अधिकारी ने 24 घंटे में समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है। मैंने उन्हें 48 घंटे का समय दिया है। इस दौरान पार्षदों ने जोनल कार्यालय में माइक से जमकर नारेबाजी की।
वार्ड 51 बर्रा के पार्षद सुधीर यादव ने बताया कि मेरे क्षेत्र में 200 से ज्यादा लाइटें बंद हैं। सचान गेस्ट हाउस से शास्त्री चौक तक मुख्य मार्ग में महज 10 लाइटें जल रही हैं। मेरा पूरा वार्ड अंधेरे से डूबा हुआ है। मैंने जेई को 10 से 15 फोन किए। कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। बीते 1.5 साल से हमें मार्ग प्रकाश विभाग से कुछ भी नहीं मिला है।
आज जोन पांच के जोनल आफिस में प्रदर्शन किया गया है। अगला प्रदर्शन हम नगर निगम मुख्यालय में करेंगे। सरकार हमारी है। हम लोगों को जनता को जवाब देना पड़ता है। आज जब हम धरने पर बैठे तब गाड़ी भेजी गई है। पार्षदों ने कर्मचारियों पर बिना आए हाजिरी लगाने का भी आरोप लगाया है।
इस मामले में जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि पार्षदों ने मार्ग प्रकाश को लेकर धरना दिया है। पार्षदों से बात की है। उनकी समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। कहीं न कहीं हमारी कमी रही है। उसको हम दूर करेंगे।






