May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  साढ़ थाना क्षेत्र के अकबरपुर बरूई गांव स्थित नाव घाट पर रिंद नदी में एक अधेड़ का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानो में फोटो भेजी है। पुलिस घटना की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
साढ़ थाना क्षेत्र से निकली रिंद नदी के किनारे नाव घाट के पास एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना साढ़ थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष आंकी जा रही है। वह सफेद रंग का पायजामा और सफेद हाफ बनियान पहने हुए था। बनियान पर “स्वर्ण जयंती विहार वार्ड 62 के निर्दलीय प्रत्याशी बलराम राजपूत” लिखा हुआ मिला है, जिससे पुलिस पहचान के सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। मृतक के बाल बड़े और सफेद थे तथा दाढ़ी भी घनी और सफेद बताई जा रही है।
घटनास्थल के पास से पुलिस को एक काले रंग की चप्पल और कुछ बाल भी बरामद हुए हैं। वहीं, पायजामे पर खून के निशान जैसे प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। इससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में फोटो भेजी गई है और गुमशुदगी से भी मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *