May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण के नेतृत्व में “महिला जन आक्रोश पदयात्रा” निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपनी एकजुटता और अधिकारों की मांग को मुखर रूप से रखा।
यह पदयात्रा स्थानीय भाजपा कार्यालय से शुरू हुई और गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए बाहरी क्षेत्र तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
पदयात्रा के समापन स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्ष का पुतला दहन किया। इस दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पास न करके विपक्ष ने सबसे बड़ी गलती की।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए स्वप्निल वरुण ने देश के विकास में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
स्वप्निल वरुण ने प्रधानमंत्री की सोच का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी होने के नाते महिलाओं को बराबर का अधिकार और भागीदारी मिलनी चाहिए।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारें महिलाओं को उनका उचित अधिकार देने में विफल रहीं। वरुण ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विपक्ष ने बाधा उत्पन्न की, जिससे महिलाओं को उनका हक नहीं मिल सका। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के साथ अन्याय करार दिया।
स्वप्निल वरुण ने जोर देकर कहा कि अब देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि विपक्ष की इस “गलती” का जवाब देश की महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से जरूर देंगी।
इस अवसर पर रानू शुक्ला, विनय मिश्रा, विनय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *