May 13, 2026

अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप।

संवाददाता
कानपुर।  फूलबाग स्थित नाना राव पार्क के स्विमिंग पूल को शुरू कराने की मांग को लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने अनोखा प्रदर्शन किया। विधायक अपने समर्थकों के साथ सूखे पड़े स्विमिंग पूल में पहुंचे।वहीं ‘ड्राई स्विमिंग’ करके  शासन-प्रशासन पर तंज कसा। इस दौरान कार्यकर्ता भी पूल में उतरकर हाथ-पैर चलाते नजर आए। सबने सूखे पूल में लेटकर तैराकी स्टाईल में हाथ-पैर हिलाकर प्रदर्शन किया।
विधायक ने बताया- नाना राव पार्क स्थित यह तरणताल हर साल होली से पहले मार्च में शुरू हो जाता था, लेकिन इस बार अप्रैल का महीना खत्म होने को है और पूल अब तक चालू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि शहर के युवाओं और आम लोगों के लिए एक जरूरी सुविधा है।
सपा विधायक ने इस दौरान एक नाटक भी प्रस्तुत किया। जनता और जनप्रतिनिधि किस तरह से अधिकारियों के पास जाकर इस स्विमिंग पूल को शुरू कराने के लिये शिकायत लेकर पहुंचते हैं। लेकिन अधिकारी किस तरह से मस्त रहते हैं। केवल सुनते हैं और टाल देते है, लेकिन गर्मी में समय से स्विमिंग पूल शुरू नहीं हो पाता है।
अमिताभ बाजपेई ने कहा कि अधिकारी नींद में सो रहे हैं, इसलिए विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इसी वजह से इस तरह का उदाहरण देकर उन्होंने प्रदर्शन और नाटक प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस तरणताल के बंद रहने से राजस्व का नुकसान हो रहा है, लेकिन अधिकारियों को शायद इसकी कोई परवाह नहीं है।
शहर के बीचों-बीच स्थित यह तरणताल अब तक चालू नहीं किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि निजी पूल संचालकों को फायदा पहुंचाने के लिए इसे शुरू नहीं किया जा रहा है।
अमिताभ बाजपेई का आरोप है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायती पत्र और ज्ञापन दिए गए, लेकिन नगर निगम और जिला प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पूल बंद रहने से हर महीने करीब 1.5 लाख रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
विधायक ने सवाल उठाया कि सरकारी स्विमिंग पूल बंद है, जबकि निजी क्लब लगातार चल रहे हैं।
उन्होंने इसे संयोग नहीं बल्कि सोची समझी साजिश बताया और जांच की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पार्क में बने ओपन जिम की हालत पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि वहां की मशीनें और झूले टूटे पड़े हैं, जिससे लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *