July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश मे नौतपा के चौथे दिन भीषण गर्मी पड़ रही है। कानपुर का तापमान 45-46 डिग्री के आसपास चल रहा है। बढ़ती गर्मी के साथ ही लोगों के बीमार होने का सिलसिला भी बढ़ गया है। लोगों का बीपी लो हो जा रहा है। लोग बेहोश होकर गिर रहे हैं। हैलट अस्पताल में 24 घंटे में 3 से 4 ऐसे मरीज पहुंचे जिनका बीपी लो था। काशी राम ट्रामा सेंटर और यूएचएम (उर्सला) में भी कई मरीज बेहोशी की हालत में पहुंचे। दोपहर डेढ़ बजे तक आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इस सीजन में पहली बार वाराणसी का पारा भी 47 डिग्री पहुंच गया। झांसी और प्रयागराज का पारा 45 डिग्री क्रास कर गया। यूपी में भीषण गर्मी की वजह से 10 लोगों की जान चली गई। नौतपा के तीसरे दिन सोमवार को झांसी में 132 साल बाद इतनी गर्मी पड़ी और आगरा में 26 साल का रिकॉर्ड टूट गया। झांसी में सोमवार को 48.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, 20 मई 1892 को भी पारा 48.1 डिग्री तक गया था। जबकि आगरा में पारा 47.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले 27 मई 1998 में आगरा का अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री तक पहुंचा था। उत्तर प्रदेश में सोमवार को गर्मी से जान गंवाने वालों में लखनऊ के 3, चित्रकूट के 3, महोबा के 2, हमीरपुर और औरैया के एक-एक शामिल हैं। मौसम विभाग ने आज भी 54 शहरों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। 12 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील पांडेय ने कहा- सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जरूरत न हो तो घर से बाहर न निकलें। बाहर निकलना भी है, तो पानी पीकर ही निकलें। खाली पेट न रहें। सिर को सफेद कपड़े से ढक कर ही निकलें और हल्के कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग बाहर जाने से बचें। आगरा में भीषण गर्मी पड़ रही है। लोगों को गर्मी के साथ ही उमस का भी सामना करना पड़ रहा। स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि लोग दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप से निकलने से बचें। डेढ़ बजे पारा 48 डिग्री रिकॉर्ड किया है। शाम तक पारा 49 डिग्री तक पहुंच सकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ताजमहल के गेट पर पानी की बौछार कर रहा है। प्रयागराज के नुरुल्ला रोड पर मजदूरी करने वाला उत्तम कुमार दोपहर 2.30 बजे भीषण गर्मी के कारण बेहोश हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। मजदूर लाल कालोनी करेली का रहने वाला है। आगरा में आज दोपहर 1:30 बजे अधिकतम तापमान 48°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 31 मई तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज गर्म हवा चलेगी। रातें भी ज्यादा गर्म रहेंगी। वाराणसी में भीषण गर्मी पड़ रही है। दोपहर 12.30 बजे तक पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। लोग गर्मी से परेशान हैं। शरीर और चेहरे का कवर करके घर से बाहर निकल रहे हैं। प्रयागराज में सुबह से गर्मी का असर दिखने लगा था। सुबह 6:30 बजे तक तापमान 32°C और 7 बजे 34°C पहुंचा। दोपहर 11.30 बजे पारा 45.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आज अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है। शहर में आज भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर में चौराहे सुनसान हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। आगरा में दोपहर 12.30 बजे 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। 11 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल रही है। ह्यूमैनिटी 9 फीसदी है। झांसी का तापमान साढ़े 11 बजे तक 44.8 रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान 9 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल रही है। ह्यूमैनिटी 20% है हमीरपुर में इंजन गर्म होने पर रोडवेज बस रुकी। ड्राइवर कृष्णगोपाल एक दुकान में पानी से सिर धोने लगे। इस दौरान वह गिरकर बेहोश हो गए। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी मुस्करा ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों की प्राथमिक जांच में मौत की वजह गर्मी आई है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।गोरखपुर में आज सुबह से ही उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। लू में घरों से निकलना मुश्किल है। सड़कों पर लोगों की संख्या काफी कम दिख रही है। सुबह 10.30 बजे पारा 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां का पारा आज 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मथुरा में सुबह से ही भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। 9 बजे ही लू चलनी शुरू हो गई। मथुरा में सुबह 10.30 बजे ही पारा 42 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर में यहां पारा 47 डिग्री तक जा सकता है। कानपुर में सुबह से गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सुबह 10.30 बजे ही तापमान 40 डिग्री पहुंच गया। हीटवेव लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *