संवाददाता।
कानपुर। नगर मे बुर्का पहने महिला 9 महीने के बच्चे को चुराकर ले गई। महिला ने 8 साल की लड़की के गोद से दुलार करने के लिए बच्चे को लिया। फिर चुपचाप उसे लेकर फरार हो गई। भरी मार्केट में बच्चा चोरी की घटना से पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। सीसीटीवी चेक किए तो महिला नजर आ रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया गया। वारदात बेकनगंज रेडीमेड मार्केट की शुक्रवार सुबह 7.35 बजे की है। यह मार्केट बेहद व्यस्त है। टिना मार्केट के रहने वाले आफताब शेख ने बताया कि उनकी बेटियां 8 साल की सिमी और 5 साल की मिमि बेकनगंज बाजार में 9 महीने के बेटे को गोद में लेकर भीख मांग रही थीं। एक बुर्का पहने महिला आई और बेटियों से पूछा कि भूख तो नहीं लगी। उसने दोनों बच्चियों को गोलगप्पे और चाट खिलाई। 9 महीने के बेटे को खुद गोद में लेकर दुलारने लगी। बेटियों से बात करते-करते वहां से भाग गई। आफताब शेख ने बताया कि दोनों बेटियों ने काफी तलाश किया, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चला। आस-पास के दुकानदारों से बात की गई । जब काफी देर तक महिला नहीं मिली तो लड़किया रोते हुए घर पहुंची। आफताब ने बताया कि बच्चियों ने जैसे ही जानकारी दी। वह और उनकी पत्नी खुद भागते हुए मार्केट पहुंचे। वहां तलाश की। बेकनगंज पुलिस को सूचना दी। बच्चा चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। मार्केट पहुंची और सीसीटीवी चेक किए। एक सीसीटीवी में बुर्का पहने महिला नजर आई। दोनों बच्चियों ने उसे पहचान लिया। महिला की उम्र 35 से 40 साल के बीच है। पुलिस ने इलाके में महिला के बारे में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मामले की जांच में क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया है। पुलिस दो एंगल पर मामले की जांच कर रही है। महिला के बच्चा नहीं हो, इसलिए वह चोरी करके ले गई हो। पुलिस आस-पास के हॉस्पिटल में भी महिला की फोटो दिखाकर जांच कर रही है।, महिला बच्चा चोरी गैंग की सदस्य हो, इसलिए उसने भीख मांगने वाले बच्चों को टारगेट किया।