
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने रविवार को यूपी टी-20 लीग के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए हाइब्रिड मॉडल को अंतिम रूप दे दिया। इसके तहत कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में करीब 12 मुकाबले, जबकि लखनऊ के इकाना स्टेडियम में उद्घाटन मैच समेत 22 मैच खेले जाएंगे। ये जानकारी संघ की सब कमेटी लीग के चेयरमैन संजय कपूर ने ग्रीनपार्क में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि लीग का फाइनल मुकाबला ग्रीन पार्क में प्रस्तावित है। लीग का उद्घाटन 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना में होगा जबकि समापन कानपुर ग्रीनपार्क की धुंधली फ्लडलाइट की रोशनी में ।
हालांकि ग्रीन पार्क को मेजबानी दिए जाने के फैसले ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। वर्षों से स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम सवालों के घेरे में रहा है। हल्की बारिश के बाद भी मैदान को खेलने योग्य बनाने में काफी समय लगता है। वहीं पुरानी फ्लडलाइटों की धुंधली रोशनी भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है, जिससे डे-नाइट मुकाबलों की गुणवत्ता और खिलाड़ियों की सुविधा पर सवाल उठना लाजमी है।
इसके बावजूद यूपीसीए का तर्क है कि ग्रीन पार्क का गौरवशाली क्रिकेट इतिहास, दर्शकों का जबरदस्त समर्थन और बड़ी दर्शक क्षमता इसे लीग का अहम केंद्र बनाती है। इसी आधार पर यहां 12 मुकाबलों और फाइनल की मेजबानी का निर्णय लिया गया है।
शहर के कई क्रिकेट खिलाड़ियों, अंपायरों और स्कोरर्स ने संयुक्त रूप से कहा कि आधुनिक क्रिकेट में तकनीकी सुविधाएं, बेहतर ड्रेनेज और उच्च गुणवत्ता वाली फ्लडलाइट अनिवार्य हैं। उनका मानना है कि इन कमियों को दूर किए बिना बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी जोखिम भरी साबित हो सकती है।
पत्रकार वार्ता में लीग चेयरमैन संजय कपूर के साथ यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, चेयरमैन संजीव सिंह तथा अहमद अली खान तालिब मौजूद रहे।






