• पुलिस ने घेराबंदी करके शातिर को किया गिरफ्तार।

संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां स्थित उत्तम आईटीआई के सामने पुलिस टीम पर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में एक सिपाही बाल-बाल बच गया, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आज उसकी मोबाइल लोकेशन सनिगवां स्थित उत्तम आईटीआई के पास मिली। चकेरी पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के रोकने का प्रयास करने पर आरोपी अपनी बुलेट बाइक से तेज रफ्तार में भागने लगा।
भागने के दौरान आरोपी का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बुलेट मोटरसाइकिल सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। जब पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो बदमाश ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सिपाही के बेहद करीब से गुजरी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। आरोपी की फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग होने के बावजूद पुलिस टीम पीछे नहीं हटी। जवानों ने तत्काल चारों ओर से घेराबंदी करके आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और हिरासत में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करके मौके का निरीक्षण किया गया।
एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग की घटना हुई है, लेकिन इसमें कोई पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। एक सिपाही बाल-बाल बच गया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और वह किन अन्य मामलों में वांछित था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






