
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर में 11000 केवी विद्युत लाइन की मरम्मत करते समय एक संविदा विद्युत कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह लगभग 11 बजे क्षेत्र के कंठी नवादा गांव में हुई। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल कर्मी की पहचान सरवन पुत्र ब्रह्मदिन के रूप में हुई है, जो शिवराजपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा विद्युत कर्मी के तौर पर कार्यरत है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि करंट लगने से घायल को संभावित अंदरूनी चोटें आई होंगी, जिसके चलते उसे आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बिजली विभाग के कर्मचारी प्रवीण शर्मा ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे चालू रहने वाली मुख्य लाइन की मरम्मत की जा रही थी। लाइन के छू जाने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, अभियंता विमलेश दुबे ने कहा कि विभाग घायल कर्मी के यथाशीघ्र और हर संभव उपचार के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।






