
संवाददाता
कानपुर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर का नरवल क्षेत्र प्रशासन की निगरानी में आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जाजमऊ फायर स्टेशन प्रभारी राहुल नंदन ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य शिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। अचानक हुई इस जांच से कोचिंग संचालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
इस निरीक्षण के दौरान, फायर विभाग की टीम ने भवनों में आग से बचाव के इंतजामों, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों का गहनता से मूल्यांकन किया। इस दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, जिसके बाद संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
फायर स्टेशन प्रभारी राहुल नंदन ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संचालकों को अग्निशमन यंत्रों को क्रियाशील रखने, निकास मार्गों को बाधारहित सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीरता बढ़ी है।






