
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर सराय गांव में जमीन के पारिवारिक विवाद में एक वृद्ध पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन अपने नाम न करने से नाराज बहू ने रात में सो रहे ससुर पर पहले खौलता पानी डाल दिया और फिर उनके चेहरे व शरीर पर मिर्च पाउडर झोंक दिया। गंभीर हालत में उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
सराय गांव के रहने वाले भावेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बहू राजकुमारी पत्नी कन्हैया शर्मा पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह पहले भी जमीन को लेकर विवाद कर चुकी है। आरोप है कि कई बार मारपीट और धमकी भी दी गई है।
भावेंद्र के अनुसार कल भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। रात में भावेंद्र अपने कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमारी वहां पहुंची और उन पर खौलता पानी उड़ेल दिया। इसके बाद मिर्च पाउडर डालने से वह दर्द से चीखने लगे।
आवाज सुनकर भावेंद्र की पत्नी उर्मिला देवी जाग गईं। उनके शोर मचाने पर बेटा कन्हैया भी कमरे में पहुंचा। इसके बाद परिजन उन्हें शिवराजपुर सीएचसी ले गए।
कन्हैया ने भी अपनी पत्नी पर आए दिन परिवार में विवाद और मारपीट करने का आरोप लगाया है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भावेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






