August 10, 2026






संवाददाता
कानपुर। नगर के आसपास ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेल इंजनों और ट्रांसफार्मरों के कीमती पार्ट्स चोरी कर किसानों को भारी नुकसान पहुंचाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल होने वाला लोडर, गैस कटर व अन्य टूल्स, चोरी किए गए ट्रांसफार्मर और ट्यूबवेल के पार्ट्स व कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य जिलों में हुई वारदातों की भी जांच कर रही है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि बिल्हौर पुलिस शनिवार को देर रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गौरी अंडरपास के पास एक लोडर संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसमें सवार पांच युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर के पार्ट्स चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य होना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में गिरोह ने चोरी का बेहद शातिर तरीका बताया। आरोपी दिन के समय कस्बों और हाईवे किनारे खेतों में लगे ट्यूबवेल इंजनों और विद्युत ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में लोडर लेकर पहुंचते और ट्रांसफार्मर के कॉपर कॉइल, तेल निकालने वाले पुर्जे, स्टार्टर, मोटर के पार्ट्स खोलकर लोडर में भर लेते थे।
आरोपियों ने बताया कि यदि रात में कोई पुलिसकर्मी या राहगीर पूछताछ करता था तो वे लोडर खराब होने का बहाना बनाते थे। कुछ लोग गाड़ी के नीचे घुसकर उसे ठीक करने का नाटक करते, जबकि बाकी साथी चोरी का सामान छिपा देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, कन्नौज और फतेहपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार करीब 15-20 दिन पहले थाना मंगलपुर, कानपुर देहात क्षेत्र में हुई ट्रांसफार्मर पार्ट्स चोरी की घटना में भी इसी गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। उस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और अब बिल्हौर पुलिस संबंधित थाने से समन्वय कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से अवैध असलहों की तस्वीरें भी मिली हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि गिरोह का संबंध हथियार सप्लायरों या अन्य आपराधिक गिरोहों से भी हो सकता है। पुलिस मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक जांच करा रही है। साथ ही बरामद सामान की पहचान कराई जा रही है और आसपास के जिलों से चोरी की घटनाओं का मिलान किया जा रहा है।
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के माल को खरीदने वाले कबाड़ियों और संभावित हथियार आपूर्ति नेटवर्क की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों से रिमांड लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे कई और चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *