June 8, 2026

मध्य प्रदेश और गुजरात के लिए समर स्पेशल ट्रेनें गोविंदपुरी से मिलेंगी।



संवाददाता
कानपुर। गर्मी में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने संगम नगरी से महाकाल उज्जैन होते हुए डायमंड सिटी (इंदौर) और गुजरात के लिए समर स्पेशल ट्रेनें गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन से चलाई जाएगी। वहीं लखनऊ दिल्ली रूट की 7 ट्रेनें कानपुर सेंट्रल होकर संचालित की जाएगी।
उत्तर मध्य रेलवे के जन संपर्क अधिकारी अमित मालवीय अनुसार गाड़ी संख्या 04169/04170 सूबेदारगंज-इंदौर-सूबेदारगंज द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन 15 जून से 28 सितंबर तक सूबेदारगंज से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी।
वहीं इंदौर से यह ट्रेन 16 जून से 29 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संचालित होगी। ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, रुठियाई, मक्सी और उज्जैन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 04105/04106 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज विशेष ट्रेन 11 जून से 30 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को प्रयागराज से चलेगी। वापसी में यह ट्रेन 12 जून से 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को उधना से संचालित होगी।
यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, ग्वालियर, गुना, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा, छायापुरी और भरूच जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
लखनऊ एनआर सेक्शन के पिलखुआ-कूचेसर रोड खंड में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य होने की वजह से लखनऊ-मुरादाबाद-गाजियाबाद होकर चलने वाली सात ट्रेनों के रूटों में डायवर्जन किया है। न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार 13 जून को, डिब्रूगढ़-लालगढ़ 14 जून को, दानापुर-आनंद विहार 15 जून को तथा आनंद विहार-दानापुर 16 जून को लखनऊ-कानपुर सेंट्रल-गाजियाबाद रूट से चलाई जाएगी।
रेल अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्पेशल ट्रेनों में सामान्य, स्लीपर और एसी  कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की बात कही है। यात्री यात्रा से संबंधित जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News