June 7, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
चकेरी थाना क्षेत्र में एक चलती हुंडई आई20 कार में अचानक आग लग गई। लाल बंगला पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर हुई इस घटना में कार सवार चालक और उसके साथी ने कूदकर अपनी जान बचाई। कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार हरजिंदर नगर से लाल बंगला चौकी चौराहे की ओर जा रही थी। तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और अपने साथी के साथ बाहर निकल गया, जिसके बाद वाहन धू-धू कर जलने लगा।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक दमकल की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही चालक मौके से जा चुका था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार की नंबर प्लेट भी जल गई, जिससे वाहन की पहचान करने में दिक्कत आ रही है। वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।