
संवाददाता
कानपुर। एक नवविवाहिता की लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नगर के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने का ताना दिया जाता था और कार की मांग की जा रही थी।
कानपुर के टीपी नगर बगाही निवासी सुनील कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उन्होंने अपनी भतीजी की शादी 9 दिसंबर 2024 को सआदतगंज के झव्वारन काला फाटक निवासी सागर राजपूत से की थी। शादी में हैसियत के अनुसार करीब सात लाख रुपए नकद और अन्य घरेलू सामान दिया गया था।
इसके बावजूद पति सागर, ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा व चांदनी और बुआ सास आशा अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे और कार न मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे।
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता ने कई बार फोन करके ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार के लोग कई बार लखनऊ जाकर दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास भी करते रहे। परिजन मृतका को यह कहकर समझाते रहे कि नई शादी है, समय के साथ हालात सुधर जाएंगे।
सुनील कुमार वर्मा बे बताया रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि उनकी भतीजी ने फांसी लगा ली है। हालांकि मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्या का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






