June 1, 2026

• परीक्षा केंद्र के पास धंसा नाला।



संवाददाता
कानपुर।  नगर के 19 परीक्षा केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया । इनमे नौ परीक्षा केंद्र छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कैंपस में बने थे। परीक्षा देने के लिए सुबह से ही विवि कैंपस में अभ्यर्थियों की भीड़ पहुंच गई थी।
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की घड़ी उतरवाकर प्रवेश दिया गया।
वहीं, मकराबर्टगंज के प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कालेज के पास नाला धंसने से करीब 25 अभ्यर्थी नाले में गिरने से हादसे का शिकार हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई । स्थानीय लोगों ने अभ्यर्थियों को नाले से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि अभ्यर्थी फोटो कापी कराने के लिए आए थे। तभी स्लैब धंसने से हादसा हुआ।
परीक्षा केंद्रों पर सबसे पहले अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक से मिलान किया गया। उसके बाद पुलिस व विवि के अधिकारियों ने आधार कार्ड व प्रवेश पत्र से अभ्यर्थी के चेहरे का मिलान किया। परीक्षा शुरु होने से पहले परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी लाइन लग गई। कई लेयर में चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।  विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा में चेकिंग करते हुए सीएसजेएमयू के रजिस्ट्रार राकेश मिश्रा व डॉ. दिवाकर अवस्थी आदि लोगों ने कक्षाओं में जाकर तलाशी ली। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने जनरल नालेज के सवालों को कठिन बताया।
दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 9168 अभ्यर्थी शामिल हुए । पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक सम्पन्न हुई ।
परीक्षा के दौरान केंद्रों पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। इसके अलावा अधिकारी भी निरीक्षण करते रहे। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थीयों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News