• मंच पर लगे थे एसी और कूलर, लेकिन जोड़ो ने पसीना बहाते हुए लिए फेरे।

संवाददाता
कानपुर। उप्र भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने आईटीआई ग्राउंड में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया था।
इस कार्यक्रम में आए जोड़ों व परिजनों के पसीने छूट गए। भीषण गर्मी में मैदान में टेंट लगाकर हुए आयोजन में लगे कूलर बिना पानी के चलते रहे। कूलरों में पानी न होने से वह लू जैसी हवा फेंकने लगे। कुछ तो बंद ही रहे।
आसमान से बरस रही आग के बीच जोड़ों ने सात फेरे लिए। विभाग की ओर से शादी का सर्टिफिकेट मिलते ही नव दंपति उसी से हवा करने लगे। यहां 101 जोड़ों का विवाह होना था, जिसमें 98 उपस्थित रहे। इनमें दो जोड़े मुस्लिम भी थे।
सुबह आठ बजे से आयोजित कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर व राज्यमंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) को आना था। दोनों नेताओं के आने की सूचना न मिलने के चलते कार्यक्रम को सुबह 11 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया। दोनों मंत्रियों के न आने पर 11.15 बजे कार्यक्रम शुरू किया गया। दोपहर में कार्यक्रम होने से सूरज के तेवर चढ़े और लोग भीषण गर्मी से परेशान हो गए।
इस कार्यक्रम में नव दंपति और शादी में आए जनाती व बराती दोनो भीषण गर्मी में परेशान दिखे। लेकिन माननीय व अधिकारियों के लिए लगे मंच में कूलर व एसी की व्यवस्था थी। कार्यक्रम स्थल पर लोग गर्मी से परेशान होकर जल्द से जल्द घर जाने की जल्दी में नजर आए।
फर्रुखाबाद से आए दूल्हे सहदेव ने बताया कि कूलर में पानी नहीं है। कूलर चल भी नहीं रहे थे। दुल्हन अल्का ने बताया कि कूलर चल नहीं रहा था। गर्मी में हाथ में कागज की प्लेट को डुलाते हुए बताया कि इससे काम चलाया है।
कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि 101 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। 99 जोड़े हिंदू व दो जोड़े मुस्लिम हैं।
गर्मी की वजह से कूलर में सुबह पानी भर दिया गया था। गर्मी में कार्यक्रम लेट चला इसलिए पानी खत्म हो गया। कूलर का पानी कितनी देर तक चलाओगे। व्यवस्थाएं अच्छी थी।
इस कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, सीडीओ अभिनव जे. जैन तथा अपर श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद सम्मिलित हुए ।






