
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश की अपनी क्रिकेट लीग यूपी टी-20 अब सिर्फ एक घरेलू टूर्नामेंट नहीं रह गई है, बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल और टीम इंडिया तक पहुंचने का बड़ा मंच बन चुकी है। पिछले कुछ वर्षों में इस लीग ने छोटे शहरों के करीब 35 से 40 खिलाड़ियों को क्रिकेट की बड़ी दुनिया तक पहुंचाया है। अब इसका चौथा सीजन 2026 में कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जिससे शहर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
यूपी टी-20 लीग की सबसे बड़ी सफलता समीर रिजवी के रूप में सामने आई, जिन्हें आईपीएल नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं माधव तिवारी दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करके चर्चा में हैं। इसके अलावा विप्रज निगम, वितेश तिवारी और स्वास्तिक चिकारा जैसे खिलाड़ियों ने भी इस लीग के जरिए अपनी पहचान बनाई है। रिंकू सिंह, ध्रुव जुरेल और यश दयाल जैसे खिलाड़ी यूपी क्रिकेट के बड़े चेहरे बन चुके हैं।
लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पिछले दो सीजन लखनऊ के इकाना स्टेडियम में इसलिए कराने पड़े थे क्योंकि ग्रीन पार्क का किराया करीब 10 करोड़ रुपये मांगा जा रहा था। बाद में राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच चर्चा के बाद किराये में भारी कटौती की गई। अब पूरे सीजन का किराया करीब 1 करोड़ रुपये या उससे कम रखा गया है।
किराया कम होने के बाद लीग प्रबंधन ने फैसला किया है कि 2026 का पूरा यूपी टी-20 सीजन कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में ही खेला जाएगा। पहले कुछ मैच लखनऊ और गाजियाबाद में कराने का विचार था, लेकिन अब पूरे टूर्नामेंट का आयोजन कानपुर में होगा। इससे स्थानीय दर्शकों और युवा खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के नए खिलाड़ियों को मंच देना और छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खिलाड़ी यूपी टी-20 से निकलकर आईपीएल में करोड़ों कमा रहे हैं, उससे साबित हो गया है कि यूपी में प्रतिभा की कमी नहीं है। अगस्त-सितंबर 2026 में ग्रीन पार्क एक बार फिर नए क्रिकेट सितारों को चमकाने के लिए तैयार रहेगा।






