
संवाददाता
कानपुर। गर्मी ने एक बार फिर दिन में अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। हालांकि हवाओं के चलने से लोगों को हल्की राहत भी मिली। शाम होते-होते मौसम फिर सामान्य हो गया।
तेज धूप और बढ़ती गर्मी का असर बाजारों में भी दिखने लगा है। धूप से बचाव के लिए लोग टोपी, चश्मा और गमछा खरीदने के लिए लाल इमली, परेड, मोतीझील समेत शहर के कई बाजारों में पहुंच रहे हैं।
सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोग चेहरे को कपड़े से ढके नजर आए।
सीएसए के वेदर डिपार्टमेंट की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन के समय धूप और तेज होगी, जिससे गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि रात से सुबह तक ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। ऐसे में फिलहाल लोगों को गर्मी और धूप से बचाव के अनुकूल अपनी दिनचर्या तय करनी होगी।






