May 14, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  बिल्हौर के अरौल क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस  हादसे में बस और ट्रक चालक सहित कुल 13 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को कानपुर रेफर किया गया है। जहां रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई।
यह घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किमी 221 पर अरौल टोल प्लाजा के पास हुई। टेग्रा एक्सप्रेस की यह डबल डेकर बस पटना से लगभग 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। जिस ट्रक से बस टकराई, उसमें आरारोट लदा था और वह सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहा था।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसीपी सुभाष चंद्र और इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल नीरज, बबलू और रितेश को कानपुर रेफर किया गया। जिसमें नीरज और बबलू की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना ही हादसे का मुख्य कारण सामने आया है। बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक होने का अनुमान है। हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस और पलटे हुए ट्रक को हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों में नीरज, बबलू निवासी मधुबन, बिहार और घायलों में रितेश निवासी मधुवन, बिहार, विकलेश – एटा, सुदीप सिंह – पौड़ी गढ़वाल, वीरपाल – भिंड, मध्य प्रदेश , रजत कुमार -औरैया, बिट्टू पटेल – दिल्ली, निरंजन –  मुजफ्फरपुर, प्रीति – रुद्रपुर, बिहार और आसिफ – झज्जर, हरियाणा शामिल हैं।