September 12, 2026

संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की बेटी रचना राजपूत ने एक बार फिर पूरे देश में शहर का नाम रोशन किया है। रचना ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया और “स्ट्रांग वूमेन” का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उनकी इस शानदार जीत ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कानपुर को गौरवान्वित किया है।

यह प्रतियोगिता डब्ल्यू पीसी साउथ वेस्ट दिल्ली स्टेट संगठन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से कई मजबूत और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी टक्कर के बीच रचना राजपूत ने बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसी कठिन कैटेगरी में भाग लिया और अपने अद्भुत सामर्थ्य व तकनीक के बल पर सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

रचना राजपूत ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में पार्टिसिपेट किया, जिसमें उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। रचना ने आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने और देश का नाम रोशन करने की बात कही।

रचना की इस उपलब्धि से कानपुर में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रचना ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उनकी यह जीत कानपुर की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *