
संवाददाता
कानपुर। नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के इंदलपुर जुगराज गांव में मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाते समय एक 17 वर्षीय किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामचंद्र की बेटी अंशिका बुधवार तड़के करीब चार बजे नींद से उठी थी। बताया जा रहा है कि वह अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाने लगी। इसी दौरान उसे अचानक तेज करंट लग गया, जिससे वह अचेत होकर फर्श पर गिर पड़ी।
कमरे से गिरने की आवाज आने पर स्वजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अंशिका को अचेत अवस्था में पाया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौबेपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और विस्तृत जांच शुरू की। पुलिस ने घर में लगे विद्युत उपकरणों और मोबाइल चार्जिंग व्यवस्था के बारे में जानकारी एकत्र की। प्रारंभिक जांच में मोबाइल चार्जिंग के दौरान ही किशोरी को करंट लगने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत करंट लगने से हुई प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






