May 14, 2026

• 200 देशों में होगा सीधा प्रसारण।

संवाददाता 
कानपुर।
  उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने राज्य की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, ‘यूपी टी-20’ के दूसरे सीजन का बिगुल फूंक दिया है। इस बार लीग का आयोजन ‘कंसोलिडेशन एंड डिलीवरी’ के लक्ष्य के साथ किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 14 अगस्त से 6 सितंबर के बीच कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस साल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यूपी टी-20 को देश के ‘मिनी आईपीएल’ के रूप में स्थापित करना है। यह महज एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि प्रदेश के 75 जिलों और 25 करोड़ लोगों की प्रतिभा को विश्व पटल पर लाने का एक मंच है।
लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन अगले महीने यानी जून से शुरू हो जाएगा। अलग-अलग टीमों के लिए ट्रायल की तारीखें तय कर दी गई हैं। इसकी शुरुआत 1 जून से काशी रुद्रास के साथ होगी। इसके बाद मेरठ मेवरिक्स, लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायंस और नोएडा किंग्स के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
सबसे आखिर में कानपुर सुपरस्टार्स के ट्रायल 26 से 30 जून के बीच होंगे। इस प्रक्रिया के जरिए हर टीम में 25 खिलाड़ियों का मजबूत स्क्वायड तैयार किया जाएगा।
इस साल यूपी टी-20 लीग की पहुंच वैश्विक स्तर पर होने जा रही है। सोनी को ब्रॉडकास्ट पार्टनर और सोनी लिव को डिजिटल पार्टनर बनाया गया है। इसके अलावा, डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैचों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। लीग का लक्ष्य इसे दुनिया के करीब 200 देशों तक पहुंचाना है। आयोजकों का विजन है कि अगले तीन सालों में इस लीग के कुल व्यूज 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएं।
क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों के साथ इस बार ग्लैमर का भी तड़का लगेगा। कई बड़े सेलिब्रिटी इस साल पार्टनरशिप और ओनरशिप के तौर पर लीग से जुड़ रहे हैं। दर्शकों में उत्साह भरने के लिए एक विशेष ‘ट्रॉफी टूर’ का भी प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत विजेता ट्रॉफी को उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख शहरों में प्रदर्शित किया जाएगा ताकि आम जनता भी इस रोमांच का हिस्सा बन सके।
लीग को और अधिक पेशेवर बनाने के लिए रिटेंशन पॉलिसी, खिलाड़ियों के पर्स की सीमा और ट्रांसफर विंडो की समय सीमा भी निर्धारित कर ली गई है। इससे फ्रेंचाइजी मालिकों और खिलाड़ियों के बीच एक पारदर्शी व्यवस्था बनी रहेगी। 

यूपीसीए को पूरा भरोसा है कि 30 दिसंबर तक का ‘कंसोलिडेशन’ लक्ष्य और मैदान पर शानदार ‘डिलीवरी’ इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्टेट लीग साबित करने में मदद करेगी। 

Related News