• बारिश से बदला मिजाज।

संवाददाता
कानपुर। तपिश से झुलस रहे शहर में मौसम ने अचानक ‘यू-टर्न’ लेते हुए लोगों को बड़ी राहत दी है।
शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने पूरे दिन रुक-रुक कर शहर को भिगोया, जबकि देर रात तेज बरसात ने ठंडक और बढ़ा दी। इस बदले मिजाज का असर ऐसा रहा कि महज 24 घंटे में तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
बारिश के चलते शनिवार को सड़कों पर ठंडी फिजा और बादलों की घनी परत ने मौसम को सुहावना होने का अहसास कराया। शुक्रवार की तरह ही शनिवार को धूप छांव ने मौसम को सुहावना बनाए रखा दिनभर चली ठंडी हवाओं ने गर्मी का असर लगभग खत्म कर दिया और लोगों ने राहत की सांस ली।मौसम के इस अचानक बदले तेवर ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं संकेत भी दे दिए हैं कि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं। आने वाले दिनों में धूप के साथ गर्मी फिर अपने पुराने रंग में लौट सकती है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.4 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। तापमान में आई इस बड़ी गिरावट ने मार्च के अंत में सर्दी जैसा अहसास करा दिया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार फिलहाल हल्की बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे, लेकिन दोपहर बाद धूप निकलने के साथ मौसम फिर करवट लेगा। बादल छंटते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और पारा करीब 4 डिग्री तक चढ़ सकता है।






