
संवाददाता
कानपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पाण्डुनगर, कानपुर के प्रधानचार्य ने जानकारी दी है कि निदेशालय, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, लखनऊ ने संस्थान को ऑटोमोटिव सेक्टर के अंतर्गत इलेक्ट्रिक व्हीकल असेंबली ऑपरेटर जॉब रोल में 300 घंटे के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने हेतु लक्ष्य आवंटित किया गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल उत्तीर्ण है। अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ किसी भी कार्य दिवस में संस्थान स्थित कौशल विकास मिशन कार्यालय में उपस्थित होकर ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण हेतु कुल 50 सीटें निर्धारित हैं, जिन पर प्रवेश उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में संस्थान के कौशल विकास मिशन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।






