March 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  दुबई की सैर कराकर ठगों ने कंपनी में निवेश के नाम पर बेहतर रिटर्न और लुभावने ऑफर कर लालच दिया और देश भर के 50 से ज्यादा लोगों से 80 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। कानपुर के 30 से ज्यादा लोग इस ठगी का शिकार हुए हैं। इनमें से एक पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाने ने कंपनी मालिक पश्चिम बंगाल के वर्धमान निवासी बबलू मंडल और उसकी पंत्नी सर्वमनी मंडल पर धोखाधड़ी, जालसाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
रायपुरवा निवासी शैलेंद्र कुमार की ओर से दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक दो वर्ष पहले उनके मित्र नीतिश कुमार और अमित श्रीवास्तव ने इनवेस्टमेंट कंपनी के बारे में बताया। कहा, कंपनी फोरेक्स मार्केट में ट्रेडिंग करती है और पांच से छह प्रतिशत मासिक का रिटर्न देती है। उन्हें बताया गया कि कंपनी के अधिकारी शहर में मीटिंग करेंगे। मई 2024 में गोविंद नगर के होटल दीप में मीटिंग हुई। जिसमें कोलकाता से आए शांता कुमार दास और विधायक चक्रवर्ती ने बताया कि कंपनी का नेटवर्क देश के कई शहरों में है।
इसके साथ ही निवेश संबंधी आकर्षक प्लान की जानकारी दी। शैलेंद्र के मुताबिक उन्हें बताया गया कि कंपनी का ब्रांच ऑफिस कोलकाता के सॉल्ट लेक जबकि मुख्य कार्यालय दुबई में है। कंपनी के मालिक बबलू मंडल उर्फ राजन हैं। पूरा कारोबार उनकी पत्नी सर्वमनी मंडल देखती हैं। दोनों ने मिलकर अरबों रुपये की कंपनी खड़ी की है। मीटिंग के बाद कई लोगों ने निवेश किया जिस पर उन्हें हर महीने बड़ा मुनाफा मिला।
शैलेंद्र के मुताबिक 15 फरवरी 2025 को कंपनी की पांचवी वर्षगांठ पर टिकट और वीजा देकर दुबई बुलाया गया। शैलेंद्र के मुताबिक कानपुर के साथ यूपी के अन्य शहरों और प्रदेशों से कई लोग दुबई पहुंचे थे। एमटीईई-9 के नाम से नया प्लान लांच किया गया। इसमें निवेश के लिए वेबसाइट और पोर्टल की जानकारी भी दी गई। उस टूर और वहां की चकाचौंध देखकर निवेशकों ने प्लान में रकम लगा दी। शैलेंद्र ने भी 20 लाख रुपये का निवेश किया।
कुछ दिनों बाद बबलू मंडल और पत्नी ने फोन उठाना बंद कर दिया। जिसके बाद कोलकाता स्थित कार्यालय पहुंचे। शांता कुमार दास और विधायक चक्रवर्ती से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि कंपनी का कार्यालय दुबई में शिफ्ट हो गया है। इस प्रकार आरोपियों ने कोलकाता समेत कई शहरों के लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए ।