March 28, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  महिला सिविल डिफेंस कर्मी से मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोच लिया। एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि दूसरे को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद पीड़ित महिला मौके पर पहुंची और बदमाश की पहचान की। साथ ही डीसीपी ईस्ट के सामने हाथ जोड़कर बोली- सबक सिखाया, थैंक्यू सर।
हालांकि गोली लगने के बाद बदमाश जमीन पर फिल्मी अंदाज में पड़ा रहा। उसके एक हाथ में तमंचा था जबकि दूसरा हाथ सिर के नीचे था।

इन बदमाशों ने 21 मार्च को चकेरी इलाके में एक घंटे में 2 लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
महिला सिविल डिफेंस कर्मी अनीता श्रीवास्तव मंगला विहार प्रथम न्यू पीएसी लाइन में रहती हैं। 21 मार्च को आईआईटी के पास कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां से शाम 6 बजे लौटते समय मंगला विहार प्रथम में मामा पीसीओ के पास सड़क पार कर रही थी।
अचानक से दूसरी तरफ से बाइक सवार दो लुटेरे आ गए। गले पर झपट्‌टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। इसके बाद महिला ने डायल 112 पर लूट की सूचना दी। चकेरी थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया।
वहीं चकेरी थाना क्षेत्र में एक घंटे बाद करीब 7 बजे दूसरी महिला के साथ पर्स लूटने की वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया। हालांकि इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
चकेरी पुलिस ने चेन और पर्स लूट की घटना के बाद जांच पड़ताल तेज कर दी। 

डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी पुलिस को सूचना मिली कि सनिगवां के अलखनंदा रेलवे ओवरब्रिज के बाद दो बाइक सवार युवक लूट की फिराक में है।
सूचना के बाद हरकत में आई चकेरी पुलिस ने घेराबंदी की। बाइक सवार बदमाशों को आता देख रूकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। इसके बाद पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली बाइक पर पीछे बैठे बदमाश को लगी। दोनों बाइक सवार आगे जाकर गिर गए। तभी पुलिस ने पीछे बैठे बदमाश को पकड़ लिया। जबकि बाइक चलाने वाला बदमाश भागने लगा।
इसके बाद पुलिस ने टीम ने आरोपी बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं गोली लगने के बाद एक बदमाश जमीन पर ही फिल्मी स्टाइल में हाथ सिर के पीछे लगाकर लेटा रहा। जबकि उसके एक हाथ में तमंचा था।
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम बाबूपुरवा निवासी एहतिशाम और किदवई नगर निवासी रियान बताया है। एहतिशाम के दाहिने पैर में गोली लगी है। आरोपियों के पास से लूटा हुआ मंगलसूत्र, एक तमंचा, दो खोखे कारतूस समेत एक बाइक बरामद की है।
डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया- एनकाउंटर के बाद लूट की शिकार सिविल महिला डिफेंसकर्मी अनीता श्रीवास्तव को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बदमाश की पहचान की।
अनीता ने बताया कि घटना के समय एहतिशाम ने उनका मंगलसूत्र तोड़ा था, जबकि रियान बाइक चला रहा था। अनीता ने कहा- सर मेहनत की कमाई छीन ली थी, अब सबक मिला है, बहुत-बहुत धन्यवाद…।
डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घायल एहतिशाम को कांशीराम अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। आरोपियों ने घटना के दिन अनीता श्रीवास्तव से मंगलसूत्र लूटने के अलावा मंगला विहार प्रथम में भी एक महिला का पर्स लूटा था। महिला का पर्स में रखा मोबाइल भी बरामद किया है। आरोपियों का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।